वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज जीतने वाले रेसलर रवि दहिया को शुक्रवार को इसका इनाम भी मिला। उन्हें टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम ) में शामिल कर लिया गया। हालांकि खराब फार्म से जूझ रही रियो ओलंपिक में ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट साक्षी मलिक को इस से बाहर कर दिया गया। रवि ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में पुरुष 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में ब्रॉन्ज जीता था। जो साक्षी पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो गई थी।
रवि ने इसके साथ ही अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक्स के लिए देश के लिए ओलंपिक कोटा भी सुनिश्चित कर दिया था । इस योजना के तहत खिलाड़ी को ₹50000 की मासिक सहायता दी जाती है। वेटलिफ्टर रगाला वेंकट राहुल को भी खराब प्रदर्शन का खामियाजा उठाना पड़ा और उन्हें भी टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) से बाहर कर दिया गया।
दूसरी तरफ समिति ने रेसलर पूजा ढांडा के उस प्रस्ताव को मंजूरी दी जिसमें उन्होंने एक महीने के लिए अपने होम टाउन हिसार में रोमानियाई कोच फानेल कॉर्प के साथ ट्रेनिंग करने की अपील की थी। इसके अलावा मिशन ओलंपिक सेल ने पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज़ टीम के सदस्य अविनाश साबले को स्कॉर्ट सिमंस की देखरेख में टोक्यो ओलंपिक तक कोलोराडो स्प्रिंग्स में तैयारी करने की मंजूरी दे दी। साथ ही इस साल दिसंबर तक साइना नेहवाल को सात विदेशी दौरों पर अपने साथ फिटनेस ट्रेनर स्वरूप सिन्हा को ले जाने की इजाजत भी दी गई।